
Lucknow News | Sports: लखनऊ के मोहन रोड स्थित मां दुर्गा पब्लिक स्कूल एवं मां दुर्गा स्पोर्ट्स एकेडमी में वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सांसद खेल महाकुंभ 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
शनिवार शाम आयोजित इस समारोह में बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खेल प्रतिभाओं का सम्मान रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय उपस्थित रहे। वहीं, प्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि वेदव्रत बाजपेयी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
सांसद खेल महाकुंभ 2026 में एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोहन ने बॉक्सिंग में रजत और ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीता। कृतिका स्वर्णकार ने बॉक्सिंग में रजत पदक हासिल किया। नैंसी रावत और सिमरन ने भी बॉक्सिंग में रजत पदक जीते। खुशी ने ताइक्वांडो में रजत और बॉक्सिंग में कांस्य पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा और उन्हें स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया से जोड़कर बेहतर अवसर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एसएनआई से जुड़े खिलाड़ियों को मैक्स हॉस्पिटल में रियायती चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी।
विशिष्ट अतिथि वेदव्रत बाजपेयी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये खिलाड़ी आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में डॉ. साधना वाजपेयी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में प्रबंधक संजीव कुमार सोनी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोच अनुराग सिंह चौहान, अनुराग स्वर्णकार, सीमा गौर और सिमरन कश्यप सहित स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।