
लखनऊ, 19 अप्रैल 2026। राजधानी लखनऊ में कॉर्पोरेट जगत और खेलों को एक मंच पर लाने की पहल के तहत आगामी 3 जून को टेनपिन बॉलिंग टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता लुलु मॉल स्थित फंटूरा बॉलिंग एरिना में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश की 12 कॉर्पोरेट टीमें भाग लेंगी।
एसोचैम उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में दो खिलाड़ी शामिल होंगे। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा के साथ टीम भावना और फिटनेस पर भी जोर रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, इस टूर्नामेंट का उद्देश्य कॉर्पोरेट कर्मचारियों के बीच सहभागिता बढ़ाना और टेनपिन बॉलिंग को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित करना है।
विजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि महिला प्रतिभागियों के लिए अलग से विशेष पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं।
एसोचैम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डीपी सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन कार्यस्थल पर बेहतर स्वास्थ्य, नेतृत्व और टीम वर्क को बढ़ावा देते हैं। वहीं स्पोर्ट्स कमेटी के चेयरमैन सुधांशु श्रीवास्तव ने इसे कॉर्पोरेट संस्कृति में खेलों को शामिल करने की दिशा में अहम कदम बताया।
उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह ने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता से प्रदेश में इस खेल की लोकप्रियता बढ़ेगी और खिलाड़ियों को एक संगठित मंच मिलेगा।
प्रतियोगिता के बाद शाम को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही कॉर्पोरेट वेलनेस और स्ट्रेस मैनेजमेंट पर विशेष सत्र और “भारत में खेलों का भविष्य” विषय पर पैनल चर्चा भी प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हो सकते हैं।
READ: Latest Sports News In Hindi