
हरदोई | Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर गांव में सोमवार शाम एक 27 वर्षीय महिला की फावड़े से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान शिल्पी के रूप में हुई है, जिसका शव घर के सामने बने ‘बग्गर’ में लहूलुहान हालत में मिला।
घर पर अकेली थी शिल्पी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय शिल्पी घर पर अकेली थी। उसके पिता रामरहीस और मां खेत पर काम करने गए हुए थे। जब परिवार के लोग वापस लौटे, तो शिल्पी का शव खून से लथपथ पड़ा देख उनके होश उड़ गए। पास में ही वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना फावड़ा भी बरामद हुआ है।
6 साल पहले हुई थी शादी, 3 साल से थी अलग
शिल्पी का विवाह छह साल पहले कोतवाली क्षेत्र के ही नयागांव निवासी गोविंद के साथ हुआ था। हालांकि, पारिवारिक अनबन के कारण पिछले तीन साल से दोनों अलग रह रहे थे। तब से शिल्पी अपने मायके गढ़ी रसूलपुर में ही रह रही थी।
पुलिस जांच और संदिग्ध की तलाश
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या गांव के ही एक युवक द्वारा किए जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।